कमलनाथ रविवार देर शाम नई दिल्ली रवाना हो गए थे

कमलनाथ रविवार देर शाम नई दिल्ली रवाना हो गए थे। समझा जाता है कि पार्टी नेताओं से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार, कैबिनेट विस्तार और मौजूदा राजनीतिक हालातों पर पार्टी नेताओं के साथ उनकी चर्चा हुई।
वहीं प्राप्‍त जानकारी के अनुसार सिंधिया गुट के एक दर्जन से अधिक विधायकों और मंत्रियों के बेंगलुरु जाने की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ विधायकों के माेबाइल भी बंद बताए जा रहे हैं। प्रदेश के खुफ‍िया विभाग ने इस बात की पुष्टि की है कि सिंधिया खेमे के मंत्री और विधायक चार्टर्ड प्‍लेन से बेंगलुरु भेजे गए हैं।
मंत्री तुलसी सिलावट,महेंद्र सिसोदिया के मोबाइल बंद हैं। वहीं मंत्री डॉक्‍टर गोविंद सिंह को लेने विशेष विमान ग्‍वालियर भेजा गया । साथ पशुपालन मंत्री लाखन‍ सिंह भी हैं। अटकलों के अनुसार सिंधिया को जल्‍दी ही पार्टी कोई अहम जिम्‍मेदारी सौंप सकती है। एक अन्‍य जानकारी के अनुसार वे दिल्‍ली में हैं और पीएम से मिल सकते हैं।
छिंदवाड़ा का कार्यक्रम रद्द
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश की सियासत में तेजी से घट रहे घटनाक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लगातार मंत्रियों और विधायकों से संवाद कर रहे थे। रविवार को उन्हें छिंदवाड़ा जाना था, लेकिन उन्होंने इसे निरस्त कर दिया था। मुख्यमंत्री निवास में वे दिनभर मंत्री, विधायक और नेताओं से मिलते रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इसमें मुख्य सचिव सुधिरंजन रंजन मोहंती भी मौजूद थे। देर शाम बेंगलुरु से कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह इंदौर होते हुए भोपाल आए और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद वे रात साढ़े आठ बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गये।


दो रास सीटों पर दावेदारी
पार्टी नेताओं का कहना है कि अब स्थिति नियंत्रण में है और अब आगे की रणनीति पर काम हो रहा है, क्योंकि 13 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। पार्टी दो सीटों पर दावेदारी कर रही है। इसके लिए दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मीनाक्षी नटराजन सहित अन्य नेताओं के नाम उभरकर सामने आए हैं।
सुरेंद्र सिंह शेरा ने गृहमंत्री बनने की इच्‍छा जताई
दूसरी ओर विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने गृहमंत्री बनने की इच्‍छा जताई है। एक समाचार चैनल से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि वर्तमान गृहमंत्री बाला बच्‍चन में क्षमता नहीं है। वे पुलिस को पब्लिक फ्रेंडली बनाना चाहते हैं। उनके बयान के बाद गृहमंत्री बाला बच्‍चन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी शेरा को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं हैं। शेरा भाई की राजनीति करने का तरीका अलग है। मंत्रालय देने का काम सीएम और हाईकमान का है। वे मंत्री बनें और ऊंचे ओहदे पर पहुंच जाएं। एक मित्र के नाते हम साथ काम करते रहेंगे।